चिटफंडी विधायक कुशवाह को मिली अंतरिम जमानत

राजस्थान: धौलपुर से बहुजन समाज पार्टी के विधायक बीएल कुशवाह को एक विशेष अदालत ने पन्द्रह दिन की अंतरिम जमानत दे दी।
विधायक कुशवाह ने अपनी मां की तबियत खराब होने के कारण उनकी देखभाल करने के आधार पर अंतरिम जमानत देने की अर्जी अदालत में लगाई थी।
कुशवाह के वकील की ओर से उनकी मां की तबियत खराब होने का हवाला देते हुए अंतरिम जमानत के लिए कल प्रार्थना पत्र पेश किया गया था। अपर सेशन न्यायाधीश सतीश चंद कौशिक के अवकाश पर होने के कारण इस मामले की सुनवाई विशेष न्यायाधीश डकैती प्रभावित क्षेत्र अदालत में हुई। विशेष न्यायाधीश अमरसिंह ने जमानत की अर्जी पर सुनवायी करते हुए कुशवाह को पन्द्रह दिन की अंतरिम जमानत दे दी।
कुशवाह को दो लाख रूपये के मुचलकों पर 27 मई से सशर्त अंतरिम जमानत दी गई है। अब विधायक को दस जून को जेल में अपनी हाजिरी देनी है। धौलपुर के चर्चित नरेश हत्याकांड में धौलपुर जेल में न्यायिक अभिरक्षा में चल रहे धौलपुर के बसपा विधायक बीएल कुशवाह के मामले की सुनवाई अपर जिला एवं सत्र अदालत में चल रही है।
गौरतलब है कि कुशवाह पर नरेश हत्याकांड के संबंध में आईपीसी की धारा 302 एवं 120 बी के तहत आरोप तय किए गए हैं। 27 दिसबंर 2012 को धौलपुर जिले के सदर थाना इलाके के गांव झील का पुरा में नरेश कुशवाह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस संबंध में मृतक के भाई थानसिंह की ओर से पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया गया था।
इस मामले में अनुसंधान के दौरान पुलिस ने कुशवाह के गनमैन सत्येन्द्र को उत्तरप्रदेश से गिरफ्तार किया था। न्यायिक अभिरक्षा में चल रहे सत्येन्द्र ने पूछताछ के दौरान नरेश हत्याकांड में विधायक के संलिप्त होने का खुलासा किया था। मध्यप्रदेश के चर्चित चिटफंड घोटाले से चर्चा में आए कुशवाह के विरुद्ध ग्वालियर के अलावा छत्तीसगढ में कई मामले दर्ज हैं।
अगर आपके पास भी मल्टी लेवल मार्केटिंग (MLM) से जुडी कुछ जानकारी है या फिर आप विचार शेयर करना हैं तो कमेंट बाक्स मे जाकर कमेंट कर सकतें हैं।
Discover more from MLM Hindi News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply